अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के मौलिक शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में चिराग योजना के तहत निजी स्कूलों में बच्चों के दाखिले के लिए बुधवार को 47 हजार 255 सीटें अलॉट कर दी। यह शैक्षणिक सत्र 2025-26 से 16 हजार 584 सीटें अधिक हैं। पिछली बार 30,671 सीटें अलॉट की गई थी। अमर उजाला ने 24 मार्च के अंक में चिराग योजना के तहत शिक्षा विभाग की ओर से निजी स्कूलों को सीटें अलॉट करने में देरी पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
पहली बार दाखिले के इच्छुक बच्चों के परिवार की आर्थिक आय 1.80 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये सालाना निर्धारित की गई है। इसके लिए निर्देश सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए हैं। निदेशालय ने स्कूलों की सूची और जरूरी गाइडलाइन भी जारी कर दी हैं ताकि अधिकारी समय पर कार्रवाई कर सकें। छात्रों के दाखिले से जुड़ी पूरी जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। इसमें आवेदन प्रक्रिया, नियम और स्कूलों का विवरण शामिल है।
अधिकारियों को कहा गया है कि वे आवेदन पत्र का प्रारूप, गाइडलाइन और स्कूलों की सूची विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करवाना सुनिश्चित करें। इससे अभिभावकों और छात्रों को जानकारी आसानी से मिल सके। योजना के तहत सरकार निजी स्कूलों में छात्रों की पढ़ाई का खर्च वहन करती है।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षावार अलॉट सीटों की संख्या
6वीं - 7,340
7वीं - 7,146
8वीं - 7,186
9वीं-7,168
10वीं- 6,883
11वीं- 5,829
12वीं - 5,723
कुल 47,255
25jjrp11- बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद