-कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों की संस्कृति का होगा आदान-प्रदान
खेलमंत्री बोले-2 अगस्त को पंचकूला से खेल महाकुंभ की होगी शुरुआत
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। खेलमंत्री गौरव गौतम ने कहा, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विजन को साकार करने व सांस्कृतिक सद्भावना को बढ़ावा देने के लिए 23 से 25 जुलाई तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, दो अगस्त को पंचकूला से खेल महाकुंभ की शुरुआत होगी जिसमें विभिन्न इवेंट में खिलाड़ी अपना दमखम व कौशल दिखाएंगे। सरकार का हर साल 500 खेल नर्सरियां बनाने का लक्ष्य है। सोमवार को सचिवालय में प्रेसवार्ता के दौरान खेल मंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में 24 राज्यों के करीब 600 युवा भाग लेंगे जिसमें विभिन्न समुदायों की संस्कृति का आदान-प्रदान होगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं ग्रुप फोग डांस, ग्रुप सांग, सांस्कृतिक गतिविधियां व अन्य का आयोजन होगा। 31 अक्टूबर 2015 को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 140वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम की शुरुआत की थी। मंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र निर्माण व सद्भाव के लिए प्रतिबद्ध सशक्त युवा तैयार करने का संकल्प लिया हैं। इससे युवाओं के व्यक्तित्व, विकास, नेतृत्व क्षमता का निर्माण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर है।