अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश में दाखिले से समय निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर शिकायत करने के लिए हरियाणा शिक्षा निदेशालय की तरफ से ईमेल आईडी जारी की गई थी। दाखिला प्रक्रिया के दौरान विभाग की तरफ से निर्धारित समयावधि में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों ने 168 शिकायतें की थीं। मगर किसी भी स्कूल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
निजी स्कूलों के खिलाफ सबसे ज्यादा शिकायतें स्कूल ड्रेस और किताबें स्कूल की ओर से बताए दुकानदार से खरीदने का दबाव बनाने और शिक्षा के अधिकार के तहत दाखिला करने में आनाकानी की आईं थीं। इस मामले में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि इन शिकायतों की रिपोर्ट विभाग से मांगी जाएगी। प्रदेश में अभिभावकों और बच्चों के प्रति किसी भी निजी स्कूल की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।