स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और उनके स्टाफ ने भी बनवाए आभा कार्ड
चंडीगढ़। हरियाणा में आभा कार्ड धारकों वाले मरीजों को बड़े फायदे मिलने वाले हैं। यदि मरीज के पास आभा कार्ड है तो उसे स्वास्थ्य केंद्र में लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा बल्कि ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर इलाज करवा सकते हैं।
सीएचसी मुलाना को आभा कार्ड धारकों के लिए प्रदेश का पहला आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र बनाया है। यहां मरीज ऑनलाइन पंजीकरण कराकर इलाज करवा रहे हैं। ऐसे में लाइन में खड़े होने की आवश्यकता नहीं है। बहुत जल्द यह योजना सभी 22 जिलों में दो केंद्रों लागू होने जा रही है।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के संयुक्त निदेशक (सूचना प्रौद्योगिकी) कैलाश सोनी ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के बारे में बताया कि हरियाणा में अब तक 1.63 करोड़ से अधिक आभा कार्ड बनाए जा चुके हैं।
सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और उनके स्टाफ ने भी कार्ड बनवाया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोई भी मरीज अपने स्वास्थ्य रिकार्ड को अपनी आभा (आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता) आईडी से लिंक कर सकता है।
वह सहमति से डिजिटल स्वास्थ्य रिकार्ड को सुरक्षित रूप से संग्रहीत, अपनी पहुंच और दूसरों से साझा कर सकता है। इसकी मुख्य विशेषताएं डिजिटल सार्वजनिक वस्तुओं का लाभ उठाना है। यह योजना कड़े डेटा सुरक्षा उपायों के साथ बनाई है।
डेटा केवल स्पष्ट सहमति से साझा किया जाता है। हरियाणा में संचालन के लिए आयुष्मान भारत की डिजिटल टीम काम कर रही है।