योग शिक्षकों को पार्ट टाइम मिलेगी नाैकरी, दो वर्ष का अनुभव और डिप्लोमा या प्रमाणपत्र अनिवार्य
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में योग की पढ़ाई करने वालों के लिए नाैकरी का माैका है। हरियाणा काैशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) लिमिटेड ने योग शिक्षकों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। पोर्टल पर योग प्रशिक्षित युवा 8 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे।
शिक्षा एवं कौशल विकास परिषद हिसार में योग शिक्षकों को नाैकरी का माैका मिलेगा। संस्थान 150 योग शिक्षकों को भर्ती करेगा और योग शिक्षकों को पार्ट टाइम नाैकरी पर रखा जाएगा। संबंधित योग शिक्षकों को सभी जिलों में तैनाती मिलेगी। योग शिक्षकों के आवेदन के लिए 12वीं के साथ योग विषय में किसी वैध संस्थान से डिप्लोमा या प्रमाणपत्र अनिवार्य है। साथ ही दो वर्ष के प्रशिक्षण का अनुभव भी अनिवार्य है। संबंधित योग प्रशिक्षकों को प्रतिमाह 12 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। शिक्षकों को दो घंटे तक योगाभ्यास की कक्षाएं चलाने और दो घंटे थ्योरी की कक्षाएं लगाने का दायित्व साैंपा जाएगा।
यूएई जाने वालों की होगी छंटनी
एचकेआरएन ने यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) में चार पदों पर भर्ती के लिए दो से तीन अगस्त तक आवेदन मांगे थे। इनमें फाॅर्कलिफ्ट ऑपरेटर, जनरल हेल्पर, रीगर और ट्रेलर ड्राॅइवरों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। अब आवेदन की तिथि पूरी हो चुकी है। इससे पहले भी यूएई के अलावा चार देशों के लिए आवेदन मांगे गए थे। संबंधित सभी आवेदकों का ब्योरा तैयार किया जा रहा है ताकि आगामी कार्रवाई की जा सके।