शिविरों में नि:शुल्क दवाएं, उपचार और स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बारिश व जलभराव से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों की विशेष टीमें भेजी गई हैं जो शिविर लगाकर लोगों की जांच कर रही हैं। पानी से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाइयों और टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में 135 चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं। शिविरों में लोगों को नि:शुल्क दवाएं, उपचार और स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। उल्लेखनीय है जलभराव से डायरिया, मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियां फैल सकती है। हरियाणा में डेंगू के अब तक 450 और मलेरिया के 107 केस सामने आ चुके हैं। उधर डायरिया के भी केस तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य में कुल 27 डेंगू परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। डेंगू के केस बढ़ने पर उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के सीएचसी व पीएचसी में भी ब्लड सैंपल लेने शुरू कर दिए गए हैं। वहीं, बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों की टीमें भेजी जा रही हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा शिविर लगाकर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने लोगों से अपील की कि वे इस स्थिति में जल की स्वच्छता का ध्यान रखें और पानी को उबालकर पीएं।