चंडीगढ़। हरियाणा में राशन कार्डों की बड़े पैमाने पर कटौती को लेकर सियासत गरमा गई है। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद वर्ष 2025 में राज्य में 13 लाख 43 हजार 474 राशन कार्ड काट दिए गए।
लोकसभा में उनके सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने भी माना कि यह संख्या पूरे देश में सबसे अधिक है। हुड्डा ने इसे गंभीर मामला बताते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में कार्ड कटना आम लोगों के अधिकारों पर असर डालता है और इसकी स्पष्ट वजह सामने आनी चाहिए। हुड्डा ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बड़े स्तर पर राशन कार्ड बनाए गए और बाद में उन्हें हटा दिया गया।
चुनाव से पहले बीपीएल कार्डों की संख्या करीब 27 लाख थी जो बढ़कर 51 लाख से अधिक हो गई। कुछ ही महीनों में लाखों नए कार्ड बनाए गए लेकिन चुनाव खत्म होते ही बड़े पैमाने पर कटौती शुरू हो गई। ब्यूरो