एसटीएफ की टीम गीत, म्यूजिक वीडियो और सोशल मीडिया सामग्री पर लगातार नजर रख रही
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस की गैंगस्टर और गन कल्चर के खिलाफ शुरू हुई कार्रवाई अब युवाओं के कट्टरपंथीकरण तक पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े ऐसे 12 इंस्टाग्राम खाते हटवाए गए हैं जो युवाओं के कट्टरपंथीकरण में इस्तेमाल किए जा रहे थे। साथ ही सोशल मीडिया पर गैंगस्टर व गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले 67 गाने भी पुलिस ने हटवाए हैं। ऐसे कंटेंट की जानकारी दूसरे राज्यों की पुलिस से भी साझा की जा रही है।
एसटीएफ की टीम गीत, म्यूजिक वीडियो और सोशल मीडिया सामग्री पर लगातार नजर रख रही है। ऐसे गाने जो गैंगस्टर, हथियार, हिंसा और अपराध के महिमामंडन से जुड़े हैं उन्हें सोशल मीडिया से हटाया जा रहा है। कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत प्लेटफॉर्म को नोटिस देकर की गई।
2 हजार खाते जांचे, 200 युवाओं की काउंसलिंग
गुरुग्राम में 9 सितंबर 2026 से चल रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत करीब 2 हजार सोशल मीडिया खातों की जांच हुई। 42 खातों पर हथियारों के प्रदर्शन और 17 पर आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली सामग्री मिली। करीब 200 युवाओं की काउंसलिंग की गई। पुलिस अब गाने से लेकर रील और लाइक-शेयर तक की डिजिटल गतिविधियों की निगरानी कर रही है। यह अभियान पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशानुसार पुलिस ने चलाया है।
मासूम शर्मा समेत कई नामी गायकों के गाने हटे
मार्च 2025 में ही पुलिस ने 10 गाने हटवाए थे। इनमें मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया, राहुल पुठी, नरेंद्र भगाना, पीएस पोलिस्ट, सुमित पारता, बीरू कटारिया, विपिन मेहंदीपुरिया और राज मावर जैसे गायकों के गाने थे। डीजीपी अजय सिंघल के मुताबिक पुलिस की प्राथमिकता केवल अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना ही नहीं बल्कि ऐसी मानसिकता और डिजिटल वातावरण पर भी प्रभावी अंकुश लगाना है। गैंगस्टर और गन कल्चर का महिमामंडन युवाओं को गलत दिशा में प्रभावित कर सकता है और समाज में हिंसा का कारण बन सकता है।