गांव भंभेवा के पास वीरवार रात बारातियों से भरी टाटा सूमो भंभेवा ब्रांच नहर में गिर गई। सूमो में सवार दर्जन भर बाराती सुरक्षित निकलने में कामयाब हो गए। घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी पुलिस बल और क्रेन के साथ मौके पर पहुंचे और नहर से सूमो को निकाल कब्जे में ले लिया।
गांव लुदाना में गोहाना से वीरवार रात बारात आई हुई थी। देर रात विवाह की रस्म पूरी होने के बाद बारातियों से भरी सूमो वापस गोहाना लौट रही थी। गांव भंभेवा के पास भंभेवा ब्रांच नहर पुल पर सूमो अनियंत्रित हो गई और नहर में जा गिरी। घटना के दौरान सूमो में दर्जनभर बाराती सवार थे।
जो नहर से सभी सुरक्षित निकलने में कामयाब हो गए। घटना के बाद चालक भी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्रेन की सहायता से गाड़ी को नहर से बाहर निकाला। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।