हरियाणा के जिला सोनीपत के खरखौदा में मटिंडू-खरखौदा मार्ग पर सड़क किनारे व्यायाम करती टोली को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया। घायल युवक को पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया गया है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिले के गांव मटिंडू निवासी अनिल (17) अपने साथियों के साथ मटिंडू-खरखौदा मार्ग के किनारे व्यायाम कर रहा था।
इस दौरान तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अनिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पुनीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने मृतक के भाई सुनील कुमार के बयान पर बाइक सवार जिला पूर्निया, बिहार के गांव बड़बड़ा निवासी मोहम्मद मकसूद को गिरफ्तार कर लिया।
अंतिम संस्कार में ब्रिगेडियर सत्यदेव दहिया, मुख्य संसदीय सचिव जयवीर सिंह, आनंद सिंह, जिला पार्षद चांद पहलवान, जोगेंद्र दहिया, अजीत सैनी, कुलदीप पहलवान आदि शामिल हुए।