कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सम्मानित करते अतिथिगण। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। रोहतक के पठानिया स्कूल में आयोजित लीगल लिटरेसी डिविजनल लेवल प्रतियोगिता में जी लिट्रा वैली स्कूल की स्किट टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। स्किट का विषय नारी सशक्तीकरण रहा। इसमें महिलाओं ने अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए भविष्य निर्माण हेतु सजग करना स्किट का प्रमुख उद्देश्य रहा।
बाल श्रम, बाल विवाह विषयों पर प्रहार करते हुए इन कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई। प्रतियोगिता में रोहतक, भिवानी, झज्जर, सोनीपत व चरखी दादरी की टीमों ने भाग लिया। स्किट प्रतियोगिता में जी स्कूल से लावण्या, अंकुर, रेवंत, नैना कौशिक, पीयूष, भुवंश बागला, वर्णिका, दिशा व कुनाल ने अपने अभिनय कला का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए नारी पर होने वाले शोषण के निवारण हेतु संविधान की विभिन्न धाराओं से अवगत कराया। इसी क्रम में निबंध लेखन में विद्यालय की छात्रा वर्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोहतक के उपायुक्त यशपाल मलिक ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए पुरस्कार के रूप में 5100 रुपये व प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। स्कूल प्राचार्या अल्का माथुर ने विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए बच्चों को तैयार करने में पवन कौशिक, योगेश बरनेला व अध्यापिका ज्योति अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा है। स्कूल प्रशासक एसके हलवासिया, प्राचार्या ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी।