भिवानी। शहर की कवि सूरजभान अजायब कॉलोनी निवासी वुशू खिलाड़ी युवराज बामणिया ने तमिलनाडु के चेन्नई में चल रही 25वीं जूनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। युवराज ने सेमीफाइनल मुकाबले में राजस्थान के प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को परास्त किया। कोच भारत सूरजभान ने बताया कि युवराज की यह सफलता उसकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि युवराज ने चेन्नई नेशनल चैंपियनशिप में पहले मुकाबले से ही उत्कृष्ट खेल भावना और तकनीक का प्रदर्शन किया है। सेमीफाइनल में राजस्थान के बेहतरीन खिलाड़ी को हराना आसान नहीं था, लेकिन युवराज ने अपनी सूझबूझ और मजबूत हौसले से यह मुकाबला अपने नाम किया। अब हमारा अगला लक्ष्य फाइनल मुकाबला है, जो दिल्ली के खिलाड़ी के साथ खेला जाएगा। हमें पूरी उम्मीद है कि युवराज अपनी मेहनत के बल पर फाइनल में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देगा और स्वर्ण पदक जीतकर लाएगा।