भिवानी। हांसी रोड पर पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल आवास के समीप वीरवार दोपहर करीब 1.30 बजे फिल्मी अंदाज में दो युवकों ने एक युवक की धुनाई कर डाली। एक युवक पर दोनों युवक जमकर लात-घूसे बरसाते हुए वहां एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए। सीसीटीवी में पूरी वारदात लाइव हो गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित युवक ने इस संबंध में कोई भी शिकायत पुलिस को नहीं दी है।
वीरवार दोपहर करीब 1.30 बजे हांसी रोड पर पूर्व मुख्यमंत्री आवास के समीप एक युवक पर दो युवक अचानक ही टूट पड़े। ऐसा बताया जाता है कि ये युवक रोहतक से भिवानी आए थे। आरोपी युवक वहां काफी देर से बैठे हुए थे। जैसे ही एक युवक होटल से निकलकर बाहर आया और सड़क पर जाने लगा तो वे उस पर अचानक टूट पड़े। युवकों की उम्र करीब 20 से 25 के बीच है। युवक शोर मचाता रहा। इसके बावजूद आरोपी उसकी धुनाई करते रहे। करीब दो से तीन मिनट के अंदर ही आरोपी चलते बने।