भिवानी। गांव मिताथल में खेत में कीटनाशक छिड़काव के दौरान एक युवक की तबीयत बिगड़ने के एक सप्ताह बाद मौत हो गई। परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव मिताथल निवासी मंजीत (32) ने पिछले सोमवार को अपने खेत में कीटनाशक का छिड़काव किया था। जब वह घर लौटा तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ था और परिजन उसे घर लेकर आ गए थे। रविवार को अचानक ही युवक की फिर तबीयत बिगड़ गई। जिसे परिजन जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। गुजरानी पुलिस चौकी इंचार्ज सतीश कुमार ने बताया कि युवक के शव का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की गई है।