भिवानी। नगर योजनाकार विभाग ने बुधवार को जिला प्रशासन के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्र भिवानी मौजा जोनपाल में तोशाम बाईपास रोड के पास जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने का अभियान चलाया। विभाग ने पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन से अवैध कब्जे हटाए।
जिला नगर योजनाकार मनजीत सिहाग ने बताया कि अवैध कब्जे हटाने के लिए उपायुक्त द्वारा बीडीपीओ भिवानी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया था। उन्होंने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को साथ लेकर मौजा भिवानी जोनपाल में तोशाम बाईपास रोड के पास एक अवैध कॉलोनी में निर्माण को गिराने का अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग आधा एकड़ में फैली एक अवैध कॉलोनी में 12 डीपीसी, अर्ध पक्का रोड व डी-मार्केशन को जेसीबी के माध्यम से तोड़ा गया। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण करना गैर कानूनी कार्य है और इसकी इजाजत किसी को नहीं है। उन्होंने नागरिकों से शहर में कहीं भी सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण नहीं करने व अवैध कॉलोनी काटने वाले प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में नही आने की अपील की। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा शहर में हो रहे अवैध निर्माण की जानकारी जुटाई जा रही है और विभाग द्वारा अवैध निर्माण हटाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।