भिवानी। शहर में ठप सीवर और लीकेज पेयजल की लाइन शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। बारिश के बाद जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा खोदी गई लाइनों में जलभराव हो गया और आसपास भी फिसलन हो गई है। इसके कारण लोगों का गलियों व मुख्य रास्तों से आवागमन भी बाधित हो रहा है।
जलभराव से मच्छरों के संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। दरअसल जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहर के विभिन्न हिस्सों में कहीं पानी की लाइनों में लीकेज ठीक करने तो कहीं पर ठप सीवर का समाधान कराने के लिए खोदाई कराकर छोड़ दी है। अबतक ये काम पूरे नहीं हुए हैं, जिसकी वजह से लोगों को दोहरी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शहर के भीड़ भरी जगहों पर इस तरह की खोदाई कर अधूरे छोड़े काम आसपास के दुकानदारों के काम को भी चौपट कर रहे हैं। लोगों का आना-जाना भी बाधित हो रहा है।
विभाग के कर्मचारी अब ज्यादातर चुनावी ड्यूटी में उलझकर रह गए हैं। कहीं बजट मंजूरी तो कहीं कर्मचारियों की कमी की वजह से भी काम अधर में लटक गए हैं। हालांकि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में पानी और सीवर का कार्य जरूरी एवं नियमित सेवाओं में आता है, ऐसे में इनका समाधान भी प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दे चुका है, लेकिन इसके बावजूद भी शहर में अधूरे पड़े सीवर और पेयजल लाइन की लीकेज के काम लोगों के लिए मुसीबत बने हैं।
ठप सीवर का नहीं हुआ समाधान, जलभराव से हो गए मच्छर
शहर के स्वामी कृपाराम की गली में पिछले काफी दिनों से ठप सीवर के समाधान के लिए गली में खोदाई करा दी। यहां न सीवर का समाधान हुआ न पानी लीकेज दूर हुई। इलाके के लोगों का रास्ता भी बाधित हो गया। वहीं बारिश के बाद खोदी गई जगह में जलभराव हो गया। जिससे मच्छरों की भरमार हो गई है। क्षेत्र के लोग अधूरे पड़े काम को जल्द पूरा कराने की अधिकारियों व प्रशासन से भी गुहार लगा चुके हैं।
शहर में मुख्य सीवर लाइन की सफाई का काम चल रहा है। इसी के साथ जिन हिस्सों में लीकेज और ठप सीवर की समस्या है उनका समाधान भी कराया जा रहा है। काम निरंतर जारी है, कहीं पर भी कोई अधूरा काम अधर में नहीं छोड़ा गया है। किसी जगह पर सीवर ठीक हो गया है तो पानी लाइन लीकेज जांच का काम चल रहा है। जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। -सुनील कुमार रंगा, कार्यकारी अभियंता, शहरी सीवरेज शाखा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।