भिवानी। गांव आलमपुर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में महिला के मायके पक्ष के परिजनों ने महिला के पति पर साजिश के तहत हत्या करने के आरोप लगाए और पुलिस को इस बारे में शिकायत दी। पुलिस ने सोमवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया और शिकायत के आधार पर मृतका के पति के खिलाफ हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है। मृतका की पहचान सुमन (40) के रूप में हुई है।
मृतका के भाई राकेश ने बताया कि उसकी बहन सुमन की करीब 16 साल पहले आलमपुर निवासी संदीप के साथ शादी हुई थी। शादी से उसकी बहन के दो बच्चे हैं। शादी के बाद से ही संदीप उसकी बहन के साथ मारपीट करता था और सामान लाने की मांग करता था। करीब छह माह पहले ही उन्होंने संदीप को एक गाड़ी भी दिलवाई थी। इसके बाद भी वह उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। सोमवार अल सुबह उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उसकी बहन की मौत हो गई। इस बारे में सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर बवानीखेड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की और शव को पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।
गांव आलमपुर में एक महिला की मौत मामले की सूचना मिली थी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में मृतका के भाई राकेश की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
-एएसआई मनोज कुमार, जांच अधिकारी, बवानीखेड़ा पुलिस थाना।