भिवानी। मजदूरी का काम करने वाली एक महिला का शव गांव सांगा में स्थित एक ईंट-भट्ठा के समीप झुग्गी झोपड़ी में लटका मिला। इस संबंध में सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के आधार सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मृतका के पति सोहनलाल के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले के तहत पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मृतका की पहचान राजस्थान के सीकर में शैवली निवासी पिंकी (38) के रूप में हुई है। वह अपने पति सोहनलाल के साथ ईंट-भट्ठा पर मजदूरी का काम करती थी। दोनों के तीन बच्चे, एक लड़का और दो लड़की है। मृतका के पति सोहनलाल ने बताया कि उसकी पत्नी कई दिनों से बीमार थी। इस कारण उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। इसी चलते वह अपनी पत्नी को सीकर में अपने गांव शैवली ले गया। जहां से उसकी पत्नी पिंकी करीब चार दिन पहले अपनी सांगा निवासी ननद के पास आ गई। शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे उसका शव फंदा पर लटकता मिला। उसे नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां उसको चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी बोले
शनिवार को दोपहर में गांव सांगा के समीप एक महिला की फंदा पर लटक मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया था। रविवार को मृतका के पति सोहनलाल के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई करके, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
-एसआई भूषण कुमार, जांच अधिकारी, सदर पुलिस थाना।