भिवानी। रोहतक रोड स्थित नया बस स्टैंड की पार्किंग में एक महिला को संदिग्ध हालत में जहरीला पदार्थ निगलने के बाद बेसुध हालत में पड़ा देखा, जिसकी सूचना डायल 112 की टीम को दी गई। महिला को पहले नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। मगर परिजन उसे शहर के ही एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। औद्योगिक थाना पुलिस ने रविवार को शव का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतका के पिता के बयान दर्ज कर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।
औद्योगिक थाना पुलिस को दिए बयान में अमर नगर टिब्बा बस्ती निवासी मामनचंद ने बताया कि उसके तीन बच्चे दो बेटी पूजा और ज्योति व एक लड़का दिलकेश है। उसकी बेटी 25 वर्षीय ज्योति की शादी गोतम से की थी। करीब सात दिन पहले ही उसकी बेटी ससुराल से मायके आई थी। गत 17 फरवरी की सुबह उसकी बेटी अचानक घर से चली गई। दोपहर बाद फोन पर उन्हें सूचना मिली कि नया बस स्टैंड की पार्किंग में ज्योति बेसुध हालत में पड़ी है। इसके बाद परिजन वहां पहुंचे और उसे लेकर जिला नागरिक अस्पताल आए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान शनिवार रात को दम तोड़ दिया। औद्योगिक पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआई विनोद ने बताया कि मृतका के पिता मामनचंद के बयान दर्ज कर शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। वहीं इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।