बवानीखेड़ा। कस्बे में एटीएम डेबिट कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर हजारों रुपये अवैध रूप से निकालने का आरोप लगा है। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस और साइबर सेल में दी।
कस्बा निवासी दयानंद ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री मनीषा रानी का बचत खाता सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की बवानीखेड़ा शाखा में खोला गया है। इस खाते के एटीएम कार्ड से रुपये निकलवाने के लिए वह 24 सितंबर को पंजाब नेशनल बैंक की बवानीखेड़ा शाखा में गए थे।
वहां रुपये निकालते समय पीछे खड़े अनजान व्यक्ति ने बताया कि अंकल आप गलत पासवर्ड डाल रहे हैं। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। इस कारण कई गलत पासवर्ड टाइप होने के कारण एटीएम कार्ड 24 घंटे के लिए ब्लॉक हो गया। बवानीखेड़ा शाखा में जाकर उन्होंने गलत पासवर्ड लगाने की पुष्टि कराई।
उसके बाद अगले दिन 25 सितंबर की रात करीब 7:53 बजे उनके मोबाइल फोन में दस हजार रुपये निकालने का संदेश आया। इसके तुरंत बाद 7:55 बजे एक और संदेश आता। इसमें उनके खाते में पांच हजार रुपये बकाया जमा बताए गए। उन्होंने फोन कॉल कर इस निकासी के बारे में पूछा तो बताया गया कि इस खाते से 25,000 रुपये निकलवाए गए हैं। पीड़ित ने इसकी शिकायत थाना बवानीखेड़ा और भिवानी साइबर सेल में दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अनाज मंडी से ग्वार का कट्टा चोरी करते दो आरोपी दबोचे
भिवानी। अनाज मंडी में दुकान के आगे बाइक पर ग्वार का कट्टा चोरी करते दो आरोपियों को रंगेहाथ धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वह नशापूर्ति के लिए चोरी कर रहे थे।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में अनाज मंडी दुकान नंबर 144 निवासी मनीष ने बताया कि उसके 44 कट्टे ग्वार शेड नंबर एक के नीचे रखे गए थे। प्रत्येक कट्टे में 50 किलोग्राम ग्वार रखा था। गत 28 सितंबर को वह बृजमोहन के साथ दुकान पर बैठा था। देर शाम करीब सवा आठ बजे एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवक उसका ग्वार का एक कट्टा चोरी कर ले जाने लगे। इसी दौरान आसपास के लोगों की मदद से एक आरोपी को काबू कर पुलिस को सौंप दिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके साथी को दबोच लिया।
आरोपियों के नाम विकासनगर निवासी साहिल और कीर्तिनगर निवासी मनीष बताए गए। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किया ग्वार का कट्टा और वारदात में प्रयोग की गई बाइक बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जिला कारागार भेजने के आदेश जारी हुए हैं।