अपने परिवार के साथ देवेश कुमार ओला।
बवानीखेड़ा। चंद्रयान-3 की चांद पर शाम को लैंडिंग के साथ ही बड़सी जाटान में जशन मनाया जाएगा। ग्रामीणों ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन चंद्रयान-3 मिशन के सफलतापूर्वक चांद की कक्षा में प्रवेश करने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। क्योंकि बड़सी जाटान के बेटे देवेश ओला ने चंद्रयान 3 मिशन में अपना योगदान दिया है।
देवेश ओला ने बताया कि बुधवार शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रयान चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग कर जाएगा। इसके बाद तीसरे चरण में रोबोट चंद्रमा की सतह पर अपना काम कर वहां के वातावरण की जानकारी भेजना शुरू कर देगा। इस प्रक्रिया में 15 दिन का समय लगेगा। अब तक सबकुछ ठीकठाक है लेकिन किसी वजह से चंद्रयान 3 की चंद्रमा की सतह पर उतरने की प्रक्रिया पूरी नहीं होती है तो फिर ये प्रक्रिया 28 और 29 अगस्त को होगी।
बता दे कि देवेश ने कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बीटेक की और आईआईटी हैदराबाद से एमटेक की है। वह चंद्रयान 3 मिशन का हिस्सा रहा है। 14 जुलाई को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा सफलतापूर्वक चंद्रयान 3 को प्रक्षेपित किया गया, उसमें देवेश की भूमिका रही है।