सामुदायिक दूरी रखे बिना शराब खरीदते लोग।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। सरकार की ओर से लॉकडाउन में रियायत देते हुए बुधवार से शराब ठेके भी खोल दिए गए। सुबह सात से शाम सात बजे तक ठेके खोलने का समय निर्धारित किया गया है। निर्देश के बाद सुबह से ही ठेकों पर शराब विक्रेता व्यवस्था बनाने में जुट गए थे। शराब ठेकेदारों ने ठेकों के सामने ग्राहकों के लिए गोले बनवाए ताकि एक-एक कर ग्राहक शराब लेने आ सके। मगर सब जगह व्यवस्था बिगड़ी नजर आई। डाबर कॉलोनी तोशाम बाईपास पर खुले ठेके पर भीड़ रही। शहरी क्षेत्र के अधिकतर ठेके शाम को खुले। अधिकतर लोगों ने शराब के दाम भी अधिक वसूलने के आरोप लगाए। एसएचओ सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि सुबह सात से शाम सात बजे तक शराब ठेके खोलने की अनुमति जिला प्रशासन ने दी है। शाम सात बजे के बाद किसी सूरत में ठेका नहीं खोलने दिया जाएगा। ठेकों के बाहर भी सामुदायिक दूरी का ध्यान रखना जरूरी है।