भिवानी। राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने को लेकर कांग्रेस नेताओं को शुक्रवार को रेस्ट हाउस में अधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस नहीं करनी दी। अधिकारियों ने सीएम आगमन के चलते जीर्णोद्धार कार्य का हवाला दिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं को रेस्ट हाउस से पैदल चलकर ही सौ मीटर दूर निजी रेस्तरां में पत्रकार वार्ता के लिए अचानक आना पड़ा। जहां पूर्व सीपीएस एवं महेंद्रगढ़ के विधायक राव दान सिंह व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य संदीप सिंह पत्रकारों के सामने ही सरकार के इशारे पर अधिकारियों के रवैये की नाराजगी जताई।
राव दान सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार संयुक्त संसदीय समिति द्वारा जांच कराए जाने से इतना डर क्यों रही है? अदाणी घोटाले में दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए इसकी संयुक्त संसदीय समिति से जांच की मांग कांग्रेस कर रही है और करती रहेगी। बीजेपी का यह आरोप झूठा और हास्यास्पद है कि राहुल गांधी ने ओबीसी समाज का अपमान किया है। देश के ज्वलंत मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए बीजेपी ओबीसी के मुद्दे को तूल दे रही है।
उन्होंने सिलसिलेवार तरीके से बताया कि राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने की तैयारी कब और किन कारणों से की गई। उन्होंने इसके पीछे भाजपा सरकार का डर बताया। उन्होंने का कि भारतीय न्यायपालिका के इतिहास में आज तक अवमानना के लिए कभी भी दो साल की सजा नहीं मिली है। यदि यह सजा एक दिन भी कम रहती तो राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म नहीं होती। कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कराने के लिए सरकार को तत्पर बताते हुए इसे घटिया राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उस परिवार से हैं, जिसने 40 बीघा पर बना आनंद भवन और स्वराज भवन जैसे राजमहल देश की आजादी को दान दिए थे। वह उस दादी के पोते हैं, जिन्होंने अपने सभी गहने देश के राजकोष में 1962 के चीन-भारत युद्ध में दान दिए। ऐसा पहली बार हुआ है, जब 75 साल में पहली बार सत्ता पक्ष नारेबाजी कर सदन नहीं चलने दे रहा। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य संदीप सिंह, ठाकुर लाल सिंह, ईश्वर शर्मा प्रधान, प्रेमवती गोयत, अभिजीत लाल सिंह, प्रदीप गुलिया, राकेश शर्मा, सरला सांघी, सुखपाल सरपंच, रूपेंद्र ग्रेवाल, विजय सरपंच, अजित बामला, राजेन्द्र धानक कालुवास, भुवनेश रिंकल तंवर, जयबीर मिताथल, वीरेंद्र टोनी, राजा तालू, श्याम सुंदर इंदौरा, सूबे सरपंच, संजय अत्री, मोहित परमार, दीपक शर्मा, अमित धनाना मौजूद थे।