फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: बिजली के अघोषित कटों से आधे शहर में नलों से नहीं आया पानी

Mon, 24 Jul 2023 01:28 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


भिवानी। अघोषित बिजली कट की वजह से शहरी दायरे में पेयजल आपूर्ति का शेड्यूल बिगड़ गया है। पिछले तीन दिनों से सुबह के समय लग रहे बिजली कट से करीब आधे शहर में पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बिजली निगम अधिकारियों को इस संबंध में पत्र लिखकर आपूर्ति के दौरान कट नहीं लगाने का अनुरोध किया है।

उमस भरी गर्मी में पीने के पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। नागरिकों ने बताया कि विभाग के कनिष्ठ अभियंता फोन करने के बाद भी रिसीव नहीं करते। कई लोगों को यह भी पता नहीं चल पा रहा है कि नल में पानी आता है या नहीं।
विज्ञापन


मौसम में उमस बढ़ने के साथ ही बिजली निगम ने भी अघोषित कट लगाना शुरू कर दिया है। इसका सीधा असर शहरी पेयजल आपूर्ति पर पड़ा है। रविवार सुबह करीब आधे शहर में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई। जिसकी वजह जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बिजली कट होना बताई। क्योंकि मुख्य जलघर से बूस्टिंग स्टेशनों तक पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाई, जिस कारण शहर रविवार को लोगों को पीने का पानी आपूर्ति में नहीं मिल पाया। वहीं पिछले दिन भी इसी तरह की समस्या पैदा हुई थी।

इसको लेकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बिजली निगम अधिकारियों को भी पत्र लिखा है। जिसमें अनुरोध किया गया है कि सुबह और शाम को पेयजल आपूर्ति के शेड्यूल के दौरान बिजली कटौती न की जाए, क्योंकि ऐसा करने से पेयजल आपूर्ति पर बुरा असर पड़ता है।


एक जोन हुआ प्रभावित तो बिगड़ गया आपूर्ति का शेड्यूल
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग शहर में सुबह और शाम आठ से दस जोन में पेयजल आपूर्ति करता है। प्रत्येक जोन में डेढ़ घंटे पेयजल आपूर्ति दी जाती है। एक साथ तीन से चार जोन में आपूर्ति होती है। इसलिए तीनों ही जलघरों से जुड़े बूस्टिंग स्टेशनों पर एक साथ पानी की मोटरें चलती हैं, तब जाकर शहरी दायरे की पेयजल लाइनों में पानी का पर्याप्त प्रेशर बन पाता है। अगर एक जोन में भी बिजली का कट लगता है तो इसका असर दूसरे जोन की बूस्टिंग स्टेशनों से जुड़ी पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ता है और लाइन में लो प्रेशर से घरों तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती। बूस्टिंग स्टेशनों पर भी जलघर से पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती, जिसकी वजह से सप्लाई सुचारु रखने में भी दिक्कतें आ रही हैं।


अधिकारी ऐसे बना रहे व्यवस्था
जगत कॉलोनी व विजय नगर क्षेत्र में रोजाना शाम के समय पेयजल आपूर्ति का शेड्यूल है। शनिवार को कट लगने से यहां देर रात साढ़े नौ बजे पेयजल आपूर्ति हो पाई। इसी तरह अन्य इलाकों में भी यही हाल है। विभाग की सुबह चार बजे से नौ बजे और शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक विभिन्न इलाकों में बारी, बारी पेयजल आपूर्ति का शेड्यूल बना है। मगर बिजली कट से बिना शेड्यूल के ही संबंधित जोन में पेयजल आपूर्ति हो रही है। जिससे लोगों को भी पता नहीं लगता कि कब नल में पानी आया और कब चला गया।


गंदा पानी भी डाल रहा लोगों की सेहत पर बुरा असर
पेयजल आपूर्ति में गंदा पानी भी लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। कई इलाकों में तो पेट के संक्रमित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। वहीं अन्य जिलों का बाढ़ का पानी भी पेयजल आपूर्ति पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। क्योंकि ये पानी पूरी तरह से साफ नहीं हो पा रहा है। जिससे आपूर्ति में मटमैला और सीवर मिक्स से काला और बदबूदार पानी भी घरों के अंदर पहुंच रहा है।
विज्ञापन


पेयजल आपूर्ति के समय पिछले तीन दिनों से अघोषित कट लग रहे हैं। इस कारण शहर के अधिकांश जोन में पेयजल आपूर्ति का शेड्यूल गड़बड़ा गया है। इस संबंध में हमने बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि पेयजल आपूर्ति के समय कोई बिजली कट न लगाया जाए। इस संबंध में मैंने फोन पर भी बात की है। जलघर के टैंकों में पानी की कोई कमी नहीं हैं, केवल बिजली की वजह से आपूर्ति प्रभावित हो रही है। जिसे नियमित कराया जाएगा।
-सूरज प्रकाश जैन एसडीओ शहरी पेयजल एवं सीवरेज शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें