भिवानी। स्वास्थ्य सेवाओं में दवाइयों का भी टोटा मरीजों को झेलना पड़ रहा है। जिला नागरिक अस्पताल में दवा लेने के लिए खिड़की पर लंबी कतार में मरीज घंटों तक इंतजार में खड़े रहते हैं, इसके बावजूद भी उनकी पर्ची पर बाहर की दवाइयां खिली जा रही हैं।
दरअसल, मरीजों को जिला नागरिक अस्पताल में उपचार के साथ मुफ्त दवाइयां भी मुहैया कराई जाती हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग खांसी जुकाम तक की दवाईयां मरीजों को नहीं उपलबध करा रहा है। खांसी के मरीज भी बाहर से दवाई लेने पर मजबूर हैं वहीं स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि सभी प्रकार की दवाइयों का पूरा स्टॉक मौजूद है।
जिला नागरिक अस्पताल में दवा खिड़की पर लगी मरीजों की लंबी कतार में कई मरीजों को तो चिकित्सक ने परामर्श के बाद दवा बाहर से सुझाई है। उन्हें कुछ दवाइयां ही अस्पताल के दवा काउंटर पर मिली, जबकि कुछ दवाइयां उन्हें बाहर से खरीद करनी पड़ी। ऐसे ही दो मरीजों ने अपनी व्यथा बयां की।
दरअसल, नागरिक अस्पताल में दवाइयां वितरण के लिए चार खिड़कियां बनाई हुई हैं। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना ही करीब साढ़े 12 सौ से अधिक मरीज चेकअप के लिए आते हैं। सबसे पहले इन्हें ओपीडी पर्ची कटाने के लिए ही लंबी लाइन में लगना पड़ता है। इसके बाद चिकित्सक कक्ष के आगे अपना नंबर लगवाना पड़ता है।
इसके बाद फिर वे दवा खिड़की तक आते हैं। लेकिन यहां आने पर भी उन्हें सभी दवाइयां नहीं मिल रही हैं। चिकित्सक भी मरीज को मुश्किल से तीन से चार दिन की दवाइयां ही दे रहे हैं जबकि सप्ताह में दो बार चेकअप के लिए आना अनिवार्य है। कोई भी चिकित्सक मरीज को लंबी दवाइयां नहीं लिख रहा है, ऐसे में मरीज को बार-बार अस्पताल आकर भी चेकअप के लिए मजबूर होना पड़ता है।
मुझे चलने फिरने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए चिकित्सक ने पहले तो एमआरआई टेस्ट कराने के लिए लिखा था, मेरी एमआरआई हो चुकी है, लेकिन अब कुछ दवाइयां मुझे बाहर से खरीदने के लिए चिकित्सक ने बोला है। जबकि अस्पताल के काउंटर पर कुछ दवाइयां ही दी गई हैं। -मुरारीलाल, भुंगला निवासी।
मैं अपने पति के साथ अस्पताल में दवा लेने यहां आई थी। मैंने हड्डी रोग विशेषज्ञ से चेकअप कराया था। चिकित्सक ने पहले तो बाहर से इंजेक्शन खरीदकर लाने के लिए बोला था, जिसके बाद अब पर्ची पर भी उसे बाहर की दवाइयां ही लिखकर दी है। मुझे बताया गया है कि अस्पताल में ये दवाइयां नहीं मिलेंगी। -मेनका, बीटीएम चौक क्षेत्र निवासी।
जिला नागरिक अस्पताल में सभी प्रकार की दवाइयों का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है। चिकित्सकों को भी सख्त हिदायतें हैं कि वे किसी भी मरीज की पर्ची पर बाहर की दवा न लिखें। लेकिन मरीज जल्दी आराम पाने के चक्कर में खुद ही चिकित्सक से बाहर की दवाइयां लेने का अनुरोध करते हैं। -डॉ. बलवान, प्रधान चिकित्सा, अधिकारी जिला नागरिक अस्पताल, भिवानी।