भिवानी। लोकसभा चुनाव में अधिकतम मतदान के लिए स्वीप अभियान जोरों पर है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन स्वीप अभियान के तहत विभिन्न प्रकार की जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करवा रहा है। इसी कड़ी में सार्वजनिक स्थानों के साथ ही नागरिकों को अस्पतालों और अन्य जगहों पर अब लिफ्ट में भी मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए स्टीकर नजर आएंगे, जो लिफ्ट का बटन दबाने से पहले मतदान के प्रति जागरूक करेंगे।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस बार लोकसभा चुनाव के लिए जिले में 75 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में अधिकतम मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नरेश नरवाल के निर्देशानुसार एडीसी हर्षित कुमार की अगुवाई में स्वीप प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत विभिन्न प्रकार की जागरुकता गतिविधियां आयोजित की जा रहीं हैं। स्कूलों में विद्यार्थियों की ओर से जागरुकता रैली निकाली जा रही है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विशेषकर महिलाओं को मंगल गीत गाकर अपने मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी नरवाल ने पिछले दिनों शहर में राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में छात्राओं को अपने मत का प्रयोग करने की शपथ दिलाई थी। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अब लिफ्टों में भी स्टीकर लगाए जाएंगे। यह बटन दबाने के साथ ही लोगों को अपने मत का प्रयोग करने के लिए भी जागरूक करेंगे।
स्टीकर पर संदेश अंकित है कि इस अंगुली का प्रयोग सिर्फ लिफ्ट का बटन दबाने के लिए ही नहीं। बल्कि 25 मई को ईवीएम का बटन दबाने के लिए भी करें। मतदाता जब पहुंचे बूथ, लोकतंत्र करे मजबूत। लोकतंत्र के महापर्व के स्टीकर पर सबसे ऊपर चुनाव का पर्व-देश का गर्व अंकित है। स्टीकर पर ईवीएम पर बटन दबाती अंगुली दिखाई गई है। यह हमको अपने मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक कर रही है।
बैंक और डाकघरों में भी लगाई जाएगी मतदाता जागरुकता सामग्री
मतदाता जागरूकता के लिए डाकघर और बैंकों में भी मतदाता जागरुकता सामग्री लगाई जाएगी। इस बारे में जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से अमलीजामा पहनाया जा रहा है। डाकघर और बैंकों में दिनभर लोग अपने काम के लिए आते हैं। इसी कारण यहां पर मतदाता जागरुकता पर जोर दिया जा रहा है।
मतदाता जागरुकता के लिए जिले में स्वीप प्लान तैयार किया गया है। इसके नोडल अधिकारी एडीसी हर्षित कुमार हैं। मतदाता जागरुकता के लिए सार्वजनिक स्थानों के साथ ही सरकारी और निजी अस्पतालों में लिफ्टों पर स्टीकर लगाए जाएंगे, जो संबंधित नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। - नरेश नरवाल, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी भिवानी।