भिवानी। शादी की खुशियों में वीटा की मिठास नहीं घुल सकी। एक माह के दौरान योजना के तहत जिले भर से मात्र तीन लोगों ने ही उत्पाद खरीदें हैं। जागरुकता के अभाव में वीटा की विवाह शगुन योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। योजना के तहत वीटा डेयरी द्वारा शादियों में शादी का कार्ड वीटा बूथ पर जमा करवाने पर उत्पादों में छूट दी जा रही है।
दरअसल, वीटा डेयरी द्वारा एक अप्रैल से विवाह शगुन योजना लागू की गई थी। इसके तहत वीटा उपभोक्ता दूध, दही, मक्खन समेत अलग-अलग उत्पादों पर तीन से चार फीसदी की छूट पा सकता है। योजना के लाभ लेने के लिए उपभोक्ता द्वारा वीटा डिस्ट्रीब्यूटर सेंटर पर शादी का कार्ड जमा करवाना अनिवार्य है। सभी उत्पादों पर वीटा द्वारा समारोह स्थल तक फ्री होम डिलिवरी भी दी जा रही है।
योजना का लाभ सिर्फ वीटा डिस्ट्रीब्यूटर सेंटर पर ही मिलता है। उपभोक्ता को उत्पाद के लिए राशि भी पहले ही जमा करवानी पड़ती है, जिसके बाद उपभोक्ता का खाद्य उत्पाद उपलब्ध करवाए जाते है। आरंभ में योजना को भिवानी, रोहतक, झज्जर, नारनौल, सोनीपत, रेवाड़ी, दिल्ली में लागू किया गया है। जागरूकता के अभाव में योजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। योजना के तहत एक माह में सिर्फ तीन लोगों द्वारा ही योजना के तहत उत्पाद खरीदे गए है। योजना का लाभ अभी भी दिया जा रहा है।
योजना के तहत एक माह में सिर्फ तीन लोगों द्वारा ही योजना के तहत उत्पाद खरीदे गए हैं। शादी का कार्ड जमा करवाने पर अभी भी अलग-अलग वीटा उत्पादों पर तीन से चार फीसदी की छूट दी जा रही है। योजना का लाभ सिर्फ वीटा डिस्ट्रीब्यूटर सेंटर पर ही मिलता है।
-सुभाष शर्मा, इंचार्ज, वीटा मिल्क चिलिंग सेंटर भिवानी।