भिवानी। ठंड की वजह से अचानक की वायरल के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है, जिसके कारण नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ गई। इन दिनों मौसम में भी काफी परिवर्तन हो रहा है, जिसमें सुबह-शाम ठंड हो रही है, जबकि दोपहर के समय तेज धूप हो जाती है। ऐसे में लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं। चिकित्सक भी मरीजों को ठंड से बचाव के लिए गुनगुना पानी का सेवन करने, गर्म कपड़े पहनने जैसी सलाह दे रहे हैं।
नागरिक अस्पताल की ओपीडी में वीरवार को 1200 से अधिक मरीज जांच करवाने पहुंचे। इनमें से 720 मरीज नए जबकि करीब 500 मरीज पुराने थे, जोकि दोबारा से जांच करवाने आए। अस्पताल में फिजिशियन की ओपीडी में करीब 210 मरीज, बाल रोग विशेषज्ञ में 190, स्त्री रोग विशेषज्ञ से जांच के लिए करीब 180, हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष में 190, सर्जन से जांच के लिए करीब 170 मरीज पहुंचे। इनके अलावा त्वचा रोग विशेषज्ञ, ईएनटी, नेत्र रोग विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सकों से भी जांच करवाने मरीज पहुंचे। इन दिनों फिजिशियन से जांच करवाने आ रहे मरीजों में जुकाम, खांसी, गले में खराब, बदन दर्द, वायरल फीवर, बार-बार छींके आना, सिर दर्द और जोड़ों में जकड़न जैसी दिक्कतें सामने आ रही है। चिकित्सक मरीजों को दवा के साथ ही सावधानी रखने का परामर्श भी दे रहे हैं।
बच्चों में नहीं थम रहा निमोनिया व बुखार
अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में वीरवार को करीब 190 बच्चे जांच करवाने पहुंचे। इनमें से 100 से अधिक बच्चों को खांसी, जुकाम और बुखार की तकलीफ थी। जबकि पांच से सात बच्चे निमोनिया से ग्रस्त थे। अस्पताल के नीकू वार्ड में फिलहाल 13 बच्चे दाखिल हैं जिन्हें निमोनिया हैं। वहीं निमोनिया ठीक होने में पांच से सात दिन का समय ले रहा है।
विशेषज्ञ सलाह
सर्दी के सीजन में बच्चों के स्वास्थ्य का अधिक खतरा रहता है तो ऐसे में परिजन बच्चों को ठंड से बचा कर रखें। पांच साल की उम्र तक के बच्चों में निमोनिया होने का डर रहता है। बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं और गर्म चीजें ही खाने में दें। सुबह और शाम के समय बच्चों को घर के बाहर न लेकर जाएं। बच्चों के स्वास्थ्य में गड़बड़ी होने पर चिकित्सक से जांच अवश्य करवा लें।
- डॉ. अमित गोयत, मेडिकल ऑफिसर, नागरिक अस्पताल।