बिजली बिल में गड़बड़ी को लेकर अधिकारियों से बात करते ग्रामीण।
- फोटो : Bhiwani
कैरू (भिवानी)। बिजली बिलो में गड़बड़ी आने पर गांव कैरू के ग्रामीणों ने बुधवार को बिजलीघर को ताला जड़ दिया। बिजली घर को ताला लगाए जाने की सूचना मिलने पर बिजली विभाग जूई के एसडीओ मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों से बात की। उन्होंने ग्रामीणों को बिजली बिलों में गड़बड़ी का समाधान करने का आश्वासन दिया। परंतु ग्रामीण इस बात से सहमत नहीं हुए, उन्होंने कहा कि हमारी समस्या का मौके पर ही समाधान किया जाए और हम अभी अपने बिल के पैसे भरने को तैयार हैं। इस पर एसडीओ ने बाबा मुंगीपा धर्मशाला में जाकर ग्रामीणों के साथ बैठकर उनके समस्या को मौके पर ही हल करवाने का काम किया। इस दौरान बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बिजली बिलों में हुई त्रुटियों को दूर किया। इससे ग्रामीणों के 30 से लेकर 50 प्रतिशत तक बिजली बिल कम हो गए। ग्रामीणों के संतुष्ट होने पर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और वहां से चले गए। इस मौके पर सरपंच कैलाश शर्मा, महेंद्र तंवर, लाला पहलवान, सुंदर पाल, अनिल सिंह, सन्नी समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।