गांव प्रेमनगर में धरने पर बैठ नारेबाजी करते ग्रामीण।
भिवानी। गांव प्रेमनगर में विभिन्न मांगों को लेकर 1 जनवरी 2021 से लगातार चल रहे धरने पर वीरवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता कैप्टन कलम सिंह ने की। कैप्टन कलम सिंह ने बताया कि धरने को चलते 3 वर्ष से भी ज्यादा समय हो गया है। लेकिन अभी तक सरकार एवं प्रशासन ने उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया। कुछ मांगों पर सहमति बनी थी, उन पर भी यूनिवर्सिटी प्रशासन अब आना कानी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हम प्रशासन को 10 दिन का समय देते हैं। हमारी मांगों पर उचित कार्यवाही की जाएं नहीं तो वे यूनिवर्सिटी को बंद करेंगे। अब लड़ाई निर्णायक व आरपार की होगी। विश्वविद्यालय में गांव के लिए नौकरियों में आरक्षण, कुछ कोर्स जिनमें अभी तक आरक्षण नहीं दिया है, उनमें आरक्षण आदि मांगों के संबंध में बार-बार सरकार एवं प्रशासन के पास पत्र भेजा जा चुका है। कुछ मांगें पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सहमति जताई थी पर अब वह पीछे हट रहा है। इस अवसर पर पूर्व सरपंच बिजेन्द्र, पूर्व सरपंच एडवोकेट संदीप, सुखबीर ढांडा, राजेन्द्र दूहन, सरपंच राजेश बूरा, सुरेश फौजी, सुमित, सोमबीर, दीपक, राजेश, मोनू, मनीष, नरेंद्र फौगाट, राजकुमार दूहन, सूबे सिंह, बोखा, दीप, जयसिंह उपस्थित रहे।