भिवानी। राजस्थान में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में वीरवार को वीर महाराणा प्रताप सेना ने शहर में प्रदर्शन किया। तहसीलदार के माध्यम से राजस्थान सरकार व प्रधानमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपते हुए इस मामले सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सजा दिए जाने की मांग की।
साथ ही प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी भी दी कि यदि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, उनका संघर्ष रोजाना तेज होता रहेगा। युवाओं के प्रदर्शन के चलते भारी पुलिस बल भी इस दौरान तैनात रहा। इस मौके पर वीर महाराणा प्रताप सेना से शुभम तंवर ने कहा कि करणी सेना से राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की कुछ बदमाशों ने उनके ही घर में घुसकर हत्या कर दी थी। इसके चलते न केवल राजपूत समाज, बल्कि हर वर्ग के लोगों में गुस्सा है। क्योंकि एक समाजसेवी की दिन-दहाडे हत्या ने कानून व्यवस्था पोल खोलकर रख दी है, जिसके चलते आम आदमी में डर का माहौल है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय और राज्य सरकार के साथ-साथ हम केंद्र सरकार को भी स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि इस मामले में हत्यारों को फांसी से कम सजा किसी भी हाल में मंजूर नहीं की जाएगी। शुभम तंवर ने कहा कि राजपूत समाज के नेताओं को ही टारगेट किया जा रहा है। पहले वीरेंद्र नांगली और अब सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या ने यह बात साबित कर दी है। इस मौके पर नरेश तंवर पालुवास ने कहा कि सुखदेव सिंह की हत्या से पूरा राजपूत समाज आक्रोशित है और इस घटना के विरोध में वे सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हुए हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में शासन व प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं बची। ये रोष अकेले राजस्थान या हरियाणा नहीं, बल्कि पूरे देश में पनप रहा है। उन्होंने चेतावनी दी की जब तक इस हत्याकांड में उचित कार्रवाई नहीं होगी, उनका रोष व विरोध जारी रहेगा। इस मौके पर कर्मवीर तिगड़ाना, अनिल परमार, प्रदीप तिगड़ाना, नरसी, नवीन, भवानी चौहान, पंकज धारे, चिंकी, सुनील चौहान, मोहित परमार, सुरेंद्र, कुलदीप कैरू, दीपक दुल्हेड़ी, शक्ति सिंह, सोनू बोंग,शेरा सिंह, भोलू सिंह, चांद सिंह, कुलदीप सिंह,अर्जुन चौहान, शंकर चौहान, तेजपाल सिंह, शक्ति सिंह, मदन शेखावत, लक्ष्मण हल्का, जयभगवान हालुवास, हुकम सिंह, जयदेव सरपंच जाटू लुहारी,सतीश तंवर, कमल तंवर मौजूद रहे।