भिवानी। विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के दम पर कला और संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं। महाविद्यालय प्रबंधन भी विद्यार्थियों के हुनर को संवारने एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। यह बात वैश्य महाविद्यालय में राज्य स्तरीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर लौटे युवा कलाकारों का स्वागत करते हुए प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने कही।
विद्यार्थियों की सफलता पर महाविद्यालय के युवा कल्याण विभाग के डीन प्रो. धीरज त्रिखा ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ साथ साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। वैश्य महाविद्यालय के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. हरिकेश पंघाल ने बताया कि महाविद्यालय ने राज्य स्तरीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह प्रतियोगिता नेशनल एड्स कंट्रोल आर्गेनाइजेशन और हरियाणा स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी के संयुक्त तत्वाधान में एड्स कंट्रोल सोसायटी अंबाला द्वारा अंबाला के एमडीएसडी महिला महाविद्यालय में हुई। उन्होंने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले महाविद्यालय के नुक्कड़ नाटक को प्रदेशभर में एड्स जागरूकता अभियान में इस्तेमाल किया जाएगा।