भिवानी में तोशाम बाईपास दिनोद रोड पर शनिवार सुबह बाइक पर कोर्ट में तारीख पर आ रहे दो युवकों पर बीच रास्ते में जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावर पिकअप गाड़ी में सवार होकर आए थे। हमलावरों ने हवाई फायरिंग कर दहशत भी फैलाई। वहीं दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में लाया गया। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है।
गांव दिनोद निवासी विकास और मंजीत शनिवार सुबह करीब 11 बजे स्पलेंडर बाइक पर भिवानी कोर्ट परिसर में तारीख पर आ रहे थे। जब वे दिनोद भिवानी मार्ग पर तोशाम बाईपास के समीप पहुंचे तो अचानक ही एक पिकअप गाड़ी चालक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार कर गिरा दिया। पिकअप में सवार आठ-दस युवकों ने तेजधार हथियारों व लाठी डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों युवकों के पांव, हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं आरोप है कि आरोपियों ने मौके पर हवाई फायरिंग भी की। सदर पुलिस को मामले की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।