भिवानी। जेके कंपनी के नाम पर अवैध रूप से वॉल पुट्टी व प्लास्टर बेच रहे दो दुकानदारों को पुलिस टीम ने दबोचा है। आरोपियों के पास से पुलिस टीम ने जेके कंपनी के नकली प्लास्टर व वॉल पुट्टी के 60 बैग बरामद किए। दोनों आरोपियों के खिलाफ औद्योगिक पुलिस थाना में जेके कंपनी से संबंधित अधिकारी की शिकायत पर कॉपी राइट एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
शिकायत में जेके कंपनी से संबंधित अधिकारी रविंद्र ने औद्योगिक थाना पुलिस को जेके कंपनी के नाम पर नकली प्रोडक्ट बेच रहे दो दुकानदारों के बारे में अवगत करवाया। थाना अध्यक्ष ने इस सूचना के आधार पर एक टीम गठित की और बताई गई दुकानों पर टीम को जांच के लिए भेजा। जांच के दौरान बस स्टैंड के समीप ईश्वर सेनेटरी दुकान में टीम ने जेके कंपनी के नकली पांच बैग वॉल पुट्टी के और 25 बैग जेके जिपस्म प्लास्टर बरामद किए। वहीं, बस स्टैंड के समीप गुप्ता हार्डवेयर व सेनेटरी दुकान से टीम ने 26 बैग नकली जेके वॉल पुट्टी व चार बैग नकली जेके जिपस्म प्लास्टर के बरामद किए। इस संबंध में जब टीम ने संचालकों से लाइसेंस मांगा तो वो पुख्ता प्रमाण देने में असफल रहे। पुलिस टीम ने दोनों दुकानों से सामान बरामद किया और रविंद्र व जितेंद्र गुप्ता के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।