भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के गांव प्रेमनगर स्थित नए कैंपस में दो खंडों का निर्माण हो चुका है, जबकि तीसरे खंड निर्माण की तैयारी चल रही है। यूनिवर्सिटी कैंपस में कुल नौ खंड तैयार होने हैं, लेकिन बजट के इंतजार में लेटलतीफ से काम चल रहा है। पिछले एक दशक से सीमेट कार्यालय में ही पीसी कोर्स की कक्षाएं लग रही हैं। नए सत्र में कुछ पीसी कोर्स नए परिसर में शिफ्ट किए जाने की तैयारी भी चल रही है।
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय 2014 में बनी थी। शुरुआत में सभी कक्षाओं का संचालन सीमेट कार्यालय और राजकीय शिक्षण महाविद्यालय परिसर में हुआ। काफी सालों बाद अब यूनिवर्सिटी के नए कैंपस में दो खंड तैयार हो चुके हैं, जिनके अंदर 36 कोर्सों को तो शिफ्ट किया जा चुका है, लेकिन अब भी आठ पीजी कोर्स सीमेट कार्यालय व शिक्षण महाविद्यालय में ही चल रहे हैं।
चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय में 44 कोर्स और 23 विभाग हैं। अधिकारियों की मानें तो मार्च के अंतिम और अप्रैल के प्रथम सप्ताह में तीसरे खंड का निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। इसी दौरान यूनिवर्सिटी भी नए दाखिलों की तैयारी कर लेगी,क्योंकि मई और जून में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
इन पीसी कोर्सों की लग रही पुराने कैंपस में कक्षाएं
सीबीएलयू के पुराने कैंपस में हिंदी, राजनीतिक विज्ञान, एमबीए, वाणिज्य संकाय, इकोनॉमिक्स, अंग्रेजी, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अलावा योगा की कक्षाएं लग रही हैं। पुराने कैंपस में विद्यार्थियों के लिए ज्यादा सुविधाएं नहीं हैं, जबकि नए कैंपस में कक्षा कक्ष काफी आधुनिक तकनीक से लैस हैं।
प्रेमनगर स्थित चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में दो खंड बन चुके हैं, जबकि तीसरे खंड निर्माण की अभी जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संभावना है कि मार्च के अंत और अप्रैल की शुरुआत में काम शुरू कराया जा सकता है। जैसे जैसे बजट आएगा उसी हिसाब से यूनिवर्सिटी में नया निर्माण लगातार चलता रहेगा।
- केके शर्मा, एडवाइजर इंजीनियर, सीबीएलयू भिवानी।