लोहारू देर रात्रि बीडीपीओ कार्यालय के सामने टक्कर में क्षतिग्रस्त निजी बस और लोहारू पुलिस की जी?
- फोटो : Bhiwani
लोहारू। शहर के बीडीपीओ कार्यालय के सामने शनिवार देर रात मुख्य सड़क मार्ग पर एक निजी बस और पुलिस जीप की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिससे पुलिस जीप में सवार दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। घायल पुलिस कर्मियों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें नागरिक अस्पताल भिवानी रेफर कर दिया। इस मामले में घायल पुलिसकर्मी की शिकायत पर निजी बस चालक के खिलाफ लोहारू थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में घायल पुलिसकर्मी धर्मदेव ने बताया कि वह पुलिस की सरकारी गाड़ी में चालक एसपीओ राजेश कुमार के साथ रात्रि दो बजे गश्त कर रहे थे। इस दौरान जब वे देवीलाल चौक से दादरी मोड़ की ओर जा रहे थे तब सामने से गलत दिशा से व तेज गति से आ रही एक निजी बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना पर एसआई रोहताश ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायल पुलिस कर्मियों को लोहारू सीएचसी में दाखिल करवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सामान्य अस्पताल भिवानी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल पुलिसकर्मी की शिकायत पर निजी के चालक के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद निजी बस चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार निजी बस जयपुर से चंडीगढ़ के बीच चलती है। हालांकि हादसे में सभी सवारियां सुरक्षित हैं। लेकिन रात्रि के समय दुर्घटना के बाद यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।