भिवानी। बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव बड़सी जाटान में खेत में बने टैंक से पानी लेते समय पैर फिसलने से 19 वर्षीय छात्र की डूबकर मौत हो गई।
खेत मालिक अमित ने फसल में सिंचाई के लिए करीब 11 फीट गहरा टैंक बनाया है। उसमें करीब आठ फीट पानी भरा गया है। गांव बड़सी जाटान के गोगीराज का पुत्र साहिल उर्फ सोनू रविवार दोपहर करीब 12 बजे पानी लेने के लिए टैंक पर गया। काफी देर तक घर नहीं लौटा। इससे चिंतित परिजनों ने टैंक पर जाकर देखा तो उसकी चप्पल दिखी। परिजनों ने लोगों को बुलाया और पानी में डूबे सोनू को टैंक से निकाला।
संदिग्ध परिस्थितियों में कारोबारी ने निगला जहर, मौत
भिवानी। शहर की भारतनगर कॉलोनी में एक व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसकी भनक जब परिजनों को लगी तो वे उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविवार को जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि भारतनगर निवासी 39 वर्षीय सुनील हार्डवेयर का काम करता था। तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया। वहां उसके जहरीला पदार्थ निगलने की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।