भिवानी। नंदीशाला में अब 1500 नंदियों के लिए व्यवस्था होगी। इसके लिए 80 लाख की लागत से दो नए शेड बनाए जाएंगे। जिसके बाद यहां नंदियों को सिर पर छत मिलेगी। इसके अलावा नंदियों के लिए चारे की भी नियमित व्यवस्था की जाएगी। नगर परिषद की नवनियुक्त चेयरपर्सन प्रीति के पति एवं पूर्व चेयरमैन भवानी प्रताप ने योजना तैयार की है। जिस पर काम शुरू हो गया है।
हालुवास गेट पर नगर परिषद की नंदीशाला बनी है। नंदीशाला में करीब 600 नंदियों को रखने की व्यवस्था है, मगर कुछ अर्से पहले शहर से नंदी पकड़े गए थे। जिसके बाद नंदीशाला में 950 से अधिक नंदी हो गए हैं। जिसकी वजह से यहां चारे और रखरखाव की व्यवस्था भी गड़बड़ा गई। समाजसेवी संगठनों ने व्यवस्था संभाली और चारे की व्यवस्था कराई जा रही है। जबकि सरकार या प्रशासन की ओर से नंदीशाला में चारे के लिए कोई बजट नहीं है। हालात ये है कि अधिकतर नंदी खुले आसमान के नीचे ही रहते हैं। पिछले दिनों तेज गर्मी और धूप में रहने के कारण खासी संख्या में नंदी दम तोड़ गए थे। औसतन 15 तक नंदी हर रोज दम तोड़ रहे थे। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था।
नगर परिषद में शहर की नई सरकार का गठन हो गया है। नंदीशाला में पहले से रखे नंदियों और लावारिस नंदियों के लिए भी नगर परिषद ने मास्टर प्लान तैयार किया है। जिसके तहत यहां 10 लाख की लागत से एक शेड बनेगा, जबकि दूसरे बड़े शेड पर करीब 70 लाख का बजट खर्च आएगा। ये दो शेड बनने के बाद यहां करीब 1500 नंदियों को रखने की व्यवस्था बन जाएगी। नंदीशाला में व्यवस्था बनाने के बाद ही नगर परिषद कर्मचारी शहर में घूम रहे लावारिस नंदियों को पकड़ने का विशेष अभियान चलाएंगे।
-------------------
जेसीआई बनाएगा नया शेड
नंदीशाला में करीब 10 लाख रुपये की लागत से एक नए शेड का निर्माण समाजसेवी संस्था जेसीआई द्वारा कराया जाएगा। संस्था फिलहाल नंदीशाला में नंदियों के लिए हरे व सूखे चारे की व्यवस्था भी संगठन सदस्यों की मदद से करा रही है। जबकि दूसरे नए शेड का निर्माण नगर परिषद खुद कराएगी। जिसका खाका तैयार हो चुका है।
-----------
वर्जन:::
नंदीशाला का दायरा बढ़ाया जाएगा। इसके लिए विधायक घनश्याम सर्राफ से भी मदद ली जाएगी। जिसके बाद नंदीशाला में करीब 1500 नंदियों की व्यवस्था हो जाएगी। इसे दो हजार नंदियों की क्षमता तक बढ़ाए जाने की भी योजना है। फिलहाल नंदीशाला मेें चारे की व्यवस्था के लिए भी स्थायी व्यवस्था कराई जाएगी।
-भवानी प्रताप, चेयरपर्सन प्रतिनिधि एवं पार्षद नगर परिषद भिवानी।