भिवानी के नागरिक अस्पताल में स्थित ओपीडी में पर्ची बनवाते आयुष्मान धारक।
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारक पहुंच रहे हैं। करीब ढाई सौ से तीन सौ आयुष्मान कार्ड धारक इलाज कराने नागरिक अस्पताल आ रहे हैं। ऐसे में इस श्रेणी के मरीजों की परिवार पहचान पत्र के जरिए अलग से ओपीडी स्लीप जारी की जा रही है। वहीं आपात विभाग में भी आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए अलग से स्लीप दी जा रही है। ये मरीज उपचार पाने के साथ-साथ यहां मुफ्त दवा भी पा रहे हैं।
गरीबी रेखा की श्रेणी में शामिल और परिवार पहचान पत्र में एक लाख 80 हजार सालाना आमदनी से नीचे के परिवारों को सरकार से आयुष्मान भारत स्वास्थ्य की सुविधा दी गई है। वहीं ओपीडी में ज्यादातर मरीज बुखार या फिर पुरानी मर्ज के साथ भी पहुंच रहे हैं। ऐसे मरीजों को उपचार के साथ-साथ वार्ड में दाखिल भी किया जा रहा है। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना ही करीब साढ़े 1200 से 1300 मरीज पहुंच रहे हैं। ओपीडी में आधार कार्ड और परिवार पहचान पत्र के साथ ओपीडी स्लीप की व्यवस्था कराई गई है। आयुष्मान कार्ड धारकों को ओपीडी स्लीप मुफ्त में दी जा रही है जबकि सामान्य मरीजों के लिए ओपीडी स्लीप के पांच रुपये लिए जा रहे हैं।
आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए जिला नागरिक अस्पताल में बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। हर माह आयुष्मान कार्ड धारकों के ऑपरेशन भी हो रहे हैं। ओपीडी और आपात विभाग दोनों में ही इस श्रेणी के मरीजों का रिकार्ड भी अपडेट किया जा रहा है, जिसकी मॉनिटरिंग भी हो रही है।
-डॉ रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन भिवानी।