भिवानी। कस्बा सिवानी के वार्ड 12 में शनिवार देर रात को दो भाइयों ने लाठी डंडों से पीट-पीटकर अपने सगे भाई की ही निर्मम हत्या कर डाली। रविवार सुबह पड़ोसियों ने चरखी दादरी में रह रहे अन्य परिजनों को वारदात की सूचना दी। सिवानी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। वहीं मृतक के छोटे भाई के बयान दर्ज कर दो बड़े भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। मौके पर जांच के लिए पुलिस की फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है।
सिवानी पुलिस को दी शिकायत में सिवानी के वार्ड 12 निवासी सुमित ने बताया कि फिलहाल वह चरखी दादरी के वार्ड 11 में रह रहा है। उसने बताया कि वे 6 भाई और दो बहनें हैं। सबसे बड़ा बिट्टू, चिचन, नरेंद्र उर्फ भोला, करण, सन्नी उर्फ चूचू और सबसे छोटा वह है। उसका बड़ा भाई बिट्टू, नरेंद्र उर्फ भोला और सन्नी उर्फ चूचू तीनों भाई सिवानी के वार्ड 12 में रहते हैं, जबकि उनका बाकी परिवार चरखी दादरी में रह रहा है।
शनिवार देर रात उन्हें फोन से सूचना मिली कि बिट्टू, नरेंद्र उर्फ भोला व सन्नी उर्फ चूचू का आपस में झगड़ा हो गया है। इसके थोड़ी देर बाद फिर से उन्हें पता चला कि नरेंद्र उर्फ भोला घर के आंगन में मृत पड़ा है। उसके दाहिना हाथ टूटा है और दाई तरफ कनपटी पर भी सिर में धारदार हथियार से घाव है।
सुमित ने पुलिस को दी शिकायत में शक जताया कि उसके भाई की हत्या उसी के बड़े भाई बिट्टू व सन्नी उर्फ चूचू ने मिलकर की है। हत्या की वारदात के बाद से ही दोनों भाई भी गायब हैं। पुलिस की फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर तथ्य जुटाए वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल लाया गया।
शव का भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। हत्या का आरोप दो भाईयों पर लगा है। जिनका आपस में झगड़ा हुआ था। लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या की गई है। हत्या की वजह अभी पता नहीं चली है। फिलहाल दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सुखबीर जाखड़, एसएचओ, सिवानी पुलिस थाना।