भिवानी। भिवानी जिले में चोरी के दो आरोपियों को दबोचा गया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने सीमेंट की दुकान का ताला तोड़कर रुपये चुराने के मामले में एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंद्रपाल निवासी उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्ध नगर के रूप में हुई है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी सज्जन ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इंदिरा कॉलोनी में उनकी सीमेंट की दुकान है। एक जुलाई की रात चोर उनकी दुकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे रुपये चोरी करके ले गया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार को थाना सिविल लाइन के अंतर्गत पुलिस चौकी सेक्टर 13 की महिला सहायक उप निरीक्षक रेखा ने एक आरोपी को जिला गौतम बुद्ध नगर उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपी से 27,500 रुपये बरामद हुए है। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह पहले शिकायतकर्ता की दुकान पर काम करता था। उसने पैसे के लालच में दुकान का ताला तोड़कर रुपये चोरी किए थे। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
बवानीखेड़ा से भैंस व कटड़ी चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
बवानीखेड़ा। थाना बवानीखेड़ा पुलिस ने बवानीखेड़ा से भैंस व कटड़ी चोरी करने के मामले में मुख्य आरोपी को बवानीखेड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वार्ड नंबर 11 बवानीखेड़ा निवासी भोला सिंह के रूप में हुई है। बवानीखेड़ा निवासी अनिल ने थाना बवानीखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अगस्त को चोर जोहड़ से उनकी एक भैंस व कटड़ी को चोरी करके ले गया।
इसी मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार को थाना बवानीखेड़ा के मुख्य सिपाही देवेंद्र कुमार ने भैंस व कटड़ी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को बवानीखेड़ा से गिरफ्तार किया है। पुलिस को द्वारा आरोपी से चोरी की गई एक भैंस व कटड़ी को बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है। उसने अपने नशे की पूर्ति के लिए भैंस व कटड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।