जूई थाना पुलिस की गिरफ्त में मोबाइल छीनने के पकड़े गए आरोपी। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। जूई खुर्द के पास एक दुकानदार व उसके बेटे से फोन छीनकर भागने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई एक बाइक व छीने गए दो फोन बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान जूई खुर्द निवासी विक्रम व कुहाड़ निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां दोनों को जिला कारागार में भेजने के आदेश दिए गए।
पुलिस प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बताया कि जूई कलां थाना में जूई खुर्द निवासी महेश ने शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि उसने जूई कलां बस स्टैंड पर मोबाइल की दुकान कर रखी है। वह शाम को अपने बेटे के साथ घर पर जा रहा था। उसके बेटा के पास एक बैग था जिसमें तीन फोन रखे हुए थे। जब वे जूई खुर्द के मोड़ पर स्कूल के समीप पहुंचे तो एक युवक ने उसके बेटा के हाथ में से बैग छीन लिया और अपने अन्य दो साथियों के साथ बाइक पर बैठकर मौके से भाग गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया था। केस में कार्रवाई करते हुए जूई थाना के एएसआई राकेश कुमार ने आरोपियों को जूई कलां से गिरफ्तार किया है। जबकि एक अन्य आरोपी को पकड़ने का पुलिस प्रयास कर रही है।