भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर दौड़ रही कार के ऊपर अचानक सड़क किनारे खड़े कीकर का एक पेड़ टूटकर गिर गया। शनिवार को कार चालक लोहारू की तरफ से भिवानी आ रहा था कि गांव पोहकरवास के समीप ये हादसा हुआ। पेड़ कार के आगे शीशे पर गिरा। इसकी वजह से कार की छत और आगे का शीशा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक की सुझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। वहीं, हादसे के बाद हाईवे के बीच में ही कार पेड़ के नीचे दबकर फंस गई। इस वजह से हाईवे पर दौड़ने वाले वाहनों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। मामले की सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग के कर्मचारियों ने टूटे हुए पेड़ को किनारे किया। इसके बाद क्षतिग्रस्त कार को भी हाईवे से हटाया गया। कस्बा जूई के जलघर के समीप भी हाईवे पर एक पेड़ टूट कर गिर गया, जिसकी वजह से हाईवे का रास्ता अवरुद्ध हो गया।