भिवानी। एक इलेक्ट्रोनिक्स दुकानदार को पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और फिर उसके बैंक खाते से 6.92 लाख रुपये की ठगी कर डाली। मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस थाना में दी गई। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
साइबर क्राइम पुलिस थाना में दी शिकायत में नया बाजार क्षेत्र वासी प्रवीन ने बताया कि उसकी इलेक्ट्रोनिक्स सामान की दुकान है। उसके पास सितंबर में व्हाट्सएप नंबर पर कॉल आई थी, उसको पार्ट टाइम जॉब के लिए बोला था। उसने पहले तो अनदेखा किया। लेकिन उसके पास फिर से व्हाट्सएप कॉल आई। उसे व्हाट्सएप पर पार्ट टाइम जॉब की डिटेल समझाई गई। उसके बाद वह आरोपी के झांसे में आ गया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम लिंक दिया और उसको खोलने के बाद उस पर एयर टिकट बुक करने का टास्क मिला। इसका पहले उसे डेमो कराया गया। डेमो टास्क में उसके बैंक खाते से 26 अक्तूबर को 800 रुपये प्राप्त हुए। इसके बाद टेलीग्राम टास्क अनुसार इस कार्य को आगे जारी रखना चाहा और झांसे में आकर बैंक खाता से 27 हजार रुपये डाल दिए। इसके बाद फिर 20 हजार रुपये बैंक खाते से एक खाते में डाले गए। इसके बदले उसे कुछ नहीं मिला। इसी तरह आरोपी ने उससे 54 हजार रुपये डलवा लिए। फिर 1.30 लाख रुपये डालने को कहा तो उसने मना कर दिया। इस तरह से आरोपी ने उससे 6.92 लाख रुपये की ठगी कर डाली। इसके बाद मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस थाना में दी।