भिवानी। सिटी रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली ट्रेनों को वॉशिंग के लिए या फिर टैंकों में पानी पूर्ति के लिए भिवानी जंक्शन पर नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए सिटी रेलवे स्टेशन पर ही जलघर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए रेलवे विभाग ने योजना बना ली है। हालांकि अभी इस योजना को अमलीजामा पहनाने में कुछ माह का समय लग सकता है।
सिटी रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके कारण फिलहाल एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य मूलभूत सुविधाओं के न होने के कारण सिर्फ एक प्लेटफार्म पर ही पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव किया जा रहा है। इसी के चलते रेलवे गति शक्ति योजना के तहत सिटी स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का विकास कर रहा है। इसके तहत पार्किंग, वेटिंग रूम, पीने के पानी के लिए बूथ निर्माण इत्यादि शामिल है। इसके अलावा रेलवे विभाग ट्रेनों के टैंकों में पानी भरने के लिए पानी की सुविधा भी कर रहा है। इसके लिए एक जलघर बनाने की योजना बनाई गई है। सिटी स्टेशन पर यातायात निरीक्षक एसएन रॉय के अनुसार जलघर बनने के बाद ट्रेनों को वॉशिंग के लिए जंक्शन पर नहीं जाना पड़ेगा। उनकी वॉशिंग का कार्य सिटी स्टेशन पर ही किया जाएगा। इसके अलावा ट्रेनों में पानी के टैंकों को भी यहीं से भरा जाएगा। इससे जंक्शन पर ट्रेनों का वर्कलोड कम होगा और काम भी जल्दी से हो पाएगा। इसके लिए एक जलघर का निर्माण करवाया जाएगा।
बता दे रेलवे जंक्शन से प्रतिदिन करीब 10 हजार यात्री ट्रेन के जरिए अपना सफर तय करते हैं। सिटी स्टेशन का डेवलपमेंट होने के बाद यहां पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू किया जाएगा। इससे विद्यानगर, लाइन पार व सिटी स्टेशन के आस-पास के लोगों को जंक्शन पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी व सिटी स्टेशन से ही एक्सप्रेस ट्रेनों में सवार हो सकेंगे।
-
सिटी रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। अभी यात्रियों के लिए बैठने के लिए शेड, पीने के लिए पानी का बूथ व अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को तैयार किया जा रहा है। इसके बाद ट्रेन वॉशिंग के लिए जलघर का निर्माण किए जाने की योजना है।
- एसएन रॉय, यातायात निरीक्षक, सिटी स्टेशन भिवानी।