व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर रोष जताया। इस दौरान व्यापारियों के बीच कांग्रेस नेता किरण चौधरी भी पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया वहीं भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया। व्यापारियों ने बैठक कर आगे की रणनीति पर भी विचार किया। व्यापारी नेताओं ने शहर में हो रही चोरी की घटनाओं पर भी अपनी बात रखी वहीं व्यापारी सुरक्षा पर भी सवाल उठाया। व्यापार मंडल के प्रधान जेपी कौशिक व राय सिंह सिंगला व कॉस्मेटिक्स दुकानदार एसोसिएशन के प्रधान अभिषेक बंसल ने भी व्यापारियों को संबोधित किया। इस मौके पर शहर के लक्ष्मी साड़ी सेंटर समेत अनेक दुकानों पर चोरियां की घटनाओं पर बाजार बंद कर धरना देकर विरोध प्रकट किया है।
बुधवार देर शाम व्यापारियों की बैठक में सराय चौपटा से लेकर बिजली गेट तक का बाजार बंद रखने का निर्णय लिया था। दुकान बंद कर दुकानदार किरोड़ी मंदिर के पास इकट्ठा होने लगे धीरे-धीरे सराय चौपटा से बिजली घर गेड के अलावा कपड़ा बाजार, बर्तन बाजार, गोशाला मार्केट के व्यापारियों ने भी अपनी दुकान बंद कर किरोड़ी मंदिर पर पहुंचकर धरना दिया। धरना स्थल पर विधायक किरण चौधरी ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया और पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की। वहीं विधायक घनश्याम सर्राफ भी धरना स्थल पर पहुंचे। इस बाद पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने अब तक की वारदात के बारे में विस्तार से बताया और भरोसा दिलाया की पुलिस बड़ी मुश्किल से अपराधियों की धर पकड़ में लगी है। आरोपियों को जल्द ही पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।
नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भानु प्रकाश ने चोरी का माल बरामद व भविष्य में चोरी की घटना पर रोक लगे सके लिए सख्त कदम उठाने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने राइडर बढ़ाने और पैदल गश्त लगाने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक और विधायक घनश्याम सर्राफ के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपनी दुकान खोली। इस अवसर पर अतुल रोहिल्ला, रितेश मित्तल, नंद किशोर अग्रवाल, रायचंद सिंगला, प्रवीण गर्ग, चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह, पार्षद प्रदीप कौशिक, नरेश अग्रवाल मीनु, पवन अग्रवाल, किसान नेता कमल प्रधान, कामरेड ओम प्रकाश, किसान संगठन जोगेंद्र तालू, प्रधान सुखदेव, जेपी कौशिक मौजूद रहे।
शहर में है अराजकता का माहौल : किरण चौधरी
पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने व्यापारियों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि शहर में अराजकता का माहौल है। आए दिन चोरी, डकैती, लूटमार, छीनाझपटी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। वहीं प्रशासन और सरकार जनता को केवल आश्वासन दे रही है। वहीं किरण ने व्यापारियों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने की बात कही।
प्रशासन को दिया 23 दिसंबर तक का दिया अल्टीमेटम
व्यापारियों ने कहा कि 23 दिसंबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामाजिक संगठनों व व्यापारियों के साथ बैठक कर फिर से आंदोलन करने पर बाध्य हो जाएंगे। इस मौके पर रेडीमेड आरसी प्रधान, घंटाघर प्रधान अतुल रोहिल्ला, दवाई एसोसिएशन प्रधान देवराज महता, दादरी गेट प्रधान राज कुमार नागर, रोहतक गेट प्रधान विकास शांडिल्य, फैंसी चौक प्रधान अंकित तंवर, पवन गर्ग, दीपक केडिया, सुमित केडिया, नितेश गोयत, बिटटू केडिया, राज कुमार कबाड़ी, मडडू तंवर, ओम प्रकाश, प्रवीण नारंग, पार्षद अंकुर कौशिक ने भी व्यापारियों का समर्थन किया।
ये हुई थी चोरी की घटना
15 दिन पहले नया बाजार व किरोड़ीमल मंदिर के पास चोरों ने सात दुकानों से लाखों रुपयों की नकदी व सामान चोरी कर लिया था। संदिग्ध चोर सीसीटीवी में भी दिखाई दिए, बावजूद न तो चोर पकड़े गए और न चोरी का माल बरामद हुआ। चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने केस भी दर्ज किया, मगर वारदात में एक पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहे। इसी से आक्रोशित दुकानदारों ने बाजार बंद का ऐलान किया।
पुलिस की तरफ से चोरी की वारदात में जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ने का भरसक प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की कई टीमें मामले की जांच कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। बाजारों की सुरक्षा बढ़ाई गई है और रात के समय लगातार गश्त भी की जाएगी।
-वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक भिवानी।