भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला रोजगार कार्यालय 18 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन करेगा। यह मेला जिला रोजगार कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। जिला रोजगार अधिकारी दिनेश ने बताया कि इस मेले में तीन प्रमुख कंपनियां भाग ले रही हैं। इनमें आईसीआईसीआई बैंक, श्रीश्याम बायोफर्टिलाइजर और पुखराज हेल्थकेयर शामिल हैं। ये कंपनियां लड़के और लड़कियों दोनों के लिए विभिन्न पदों पर भर्तियां करेंगी। चयनित कर्मचारियों को बेहतर भविष्य निर्माण के लिए कई आकर्षक सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना रोजगार विभाग का पंजीकरण कार्ड और सभी मूल शैक्षणिक व पहचान दस्तावेज साथ लाने होंगे। जिला रोजगार अधिकारी ने क्षेत्र के योग्य युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है।