भिवानी। पेरिस ओलंपिक में कोटा प्राप्त करने के लिए दो से 11 मार्च तक इटली में विश्व ओलंपिक क्वालीफाइंग मुकाबलों का आयोजन किया जा रहा है। शुरुआती मुकाबलों में हरियाणा के दो पुरुष मुक्केबाजों समेत एक महिला मुक्केबाज को हार का सामना करना पड़ा।
प्रारंभिक मुकाबलों में 92 प्लस किलो भार वर्ग में हिसार के मुक्केबाज नरेंद्र बेरबाल का मुकाबला कजाकिस्तान के मुक्केबाज से हुआ। इसमें मुक्केबाज नरेंद्र बेरबाल को 5-0 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, हिसार के ही 51 किलो भार वर्ग में मुक्केबाज दीपक भौरिया का मुकाबला अजरबेजान के मुक्केबाज के साथ हुआ। इसमें मुक्केबाज दीपक भौरिया को 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। महिला मुक्केबाजी के 60 किलोभार वर्ग में भिवानी निवासी महिला मुक्केबाज जैसमिन लंबोरिया को जापान की महिला मुक्केबाज से 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। इससे तीनों मुक्केबाज फिलहाल ओलंपिक कोटा प्राप्त करने से वंचित रह गए हैं। ओलंपिक कोटा प्राप्त करने को लेकर पहले दिन हरियाणा के मुक्केबाजों को हार का सामना करना पड़ा। दूसरे दिन होने वाले मुकाबलों के परिणाम मंगलवार देर रात तक आएंगे।
भिवानी की एक खिलाड़ी प्राप्त कर चुकी हैं ओलंपिक कोटा
भिवानी की एक महिला मुक्केबाज प्रीति पंवार ओलंपिक की कोटा पहले ही प्राप्त कर चुकी हैं। ओलंपिक कोटा प्राप्त करने के लिए पिछले साल चीन में हुए मुकाबलों में भिवानी की महिला खिलाड़ी ने जीत दर्ज करने हुए ओलंपिक की टिकट पक्की कर ली थी। फिलहाल प्रीति ओलंपिक में मेडल जीतने के लिए पसीना बहा रही है।