कैरू (भिवानी)। कैरू के चिंकारा प्रजनन केंद्र के अंदर शिकार की नीयत से दीवार फांदकर अंदर घुसे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वन्य प्राणी विभाग के कर्मचारी की शिकायत पर तोशाम पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम व चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। मामला 25 मई का है।
कैरू पुलिस चौकी में दी शिकायत में अक्षय कुमार ने बताया कि चिंकारा प्रजनन केंद्र कैरू में वह बतौर वन्यजीव रक्षक गार्ड तैनात है। गत 25 मई की दोपहर को एक बजे वह ग्रुप-डी कर्मचारी तुलसीराम के साथ अंदर जोन नंबर एक की गश्त पर था कि इसी दौरान 40 मीटर अंदर घुसकर जाल का फंदा लगाकर चिंकारा हिरण को चोरी से पकड़कर शिकार करने की नीयत से तीन युवक दिखाई दिए। उन्हें देखकर आरोपी अपना फंदा और जाल छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान एक को मौके पर ही पकड़ लिया। ये तीनों दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। वहीं मामले की जानकारी वन्य प्राणी विभाग के उच्चाधिकारियों को दी गई। वहीं पुलिस ने इस मामले में तीनों नामजद युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
वन्य जीव रक्षक गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपी युवकों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के एक्ट नंबर 53 सहित चोरी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी अरुण, संदीप और मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। ये तीनों ही कैरू निवासी हैं।
- अनिल कुमार, इंचार्ज, कैरू पुलिस चौकी।