भिवानी। कुश्ती और कबड्डी जैसे शारीरिक सौष्ठव वाले खेलों की धरती भिवानी में युवा अब पदकों पर अचूक निशाने लगा रहे हैं। एकाग्रता, समय और हवा की गति के बीच समन्वय वाले एयर पिस्टल शूटिंग में जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदकों की झड़ी लगा रहे हैं। शहर की गुरु द्रोणाचार्य शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी एयर पिस्टल शूटिंग में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना जीतकर देश का सम्मान बढ़ा रहे हैं।
अकादमी के मैनेजर मोहन प्रताप ने बताया के अकादमी की शुरुआत 2014 में अकादमी संचालक आर्मी से रिटायर्ड सुरेश सिंह ने की थी। अकादमी में अभी 45 खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। इनमें 15 लड़कियां और 30 लड़के हैं। मैनेजर ने बताया के यह अकादमी हरियाणा की सबसे पुरानी और भिवानी की पहली शूटिंग अकादमी है। यहां के खिलाड़ियों ने अनेक स्तर पर पदक प्राप्त किए हैं और समय के साथ यहां के खिलाड़ी उच्च पदाें पर अपनी सेवाएं भी दे रहे हैं। अकादमी दो खिलाड़ी दिव्यांग भी हैं। अकादमी की एक खिलाड़ी सुरुचि जिसका चयन 2024 ओलंपिक खेलों के ट्रायल के लिए हुआ है। अकादमी में की तरफ से आर्थिक रूप से कमजाेर खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया जाता है।
अकादमी के खिलाड़ियों की उलब्धियां
- मनु भाकर ने टोक्यो ओलंपिक में दस मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में हिस्सा लिया और 2016 के कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
- सुरुचि ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग एशियन गेम्स 2023 में सिल्वर, खेलो इंडिया गेम्स में दो स्वर्ण, नेशनल शूटिंग गेम्स में पांच स्वर्ण, एक सिल्वर, एक ब्राॅन्ज पदक जीत चुकी हैं।
- राहुल पैरा नेशनल गेम्स में एक स्वर्ण, एक सिल्वर पदक जीत चुके हैं।
- अभिषेक आर्य ने आईएसएसएफ वर्ल्ड कप 2016 में टीम में एक सिल्वर पदक जीत चुके हैं।
-राधिका ने खेलों इंडिया 2022 में 10 मीटर एयर पिस्टल शुटिंग में सिल्वर पदक जीत चुके हैं।
- अक्षित घनघस 10 मीटर एयर पिस्टल शुटिंग में जिला स्तर पर सिल्वर पदक जीत चुके हैं।
- हिमांशु ने 10 मीटर एयर पिस्टल शुटिंग में नेशनल में 2016 में एक स्वर्ण, एक सिल्वर पदक जीत चुके हैं।
अकादमी के खिलाड़ी जो नौकरी लगे
- हिमांशु इंडियन आर्मी में
- नीलम इंडियन आर्मी में
- रामपाल इंडियन आर्मी में
- दीपक इंडियन आर्मी में
अकादमी में खिलाड़ियों के लिए सभी उपकरण है। बहुप्रशिक्षित कोच की देखरेख में निरीक्षण में खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। अकादमी के खिलाड़ी राष्ट्रीय, अंतर राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि ओलंपिक में भी पदक जीत कर जिले व देश का नाम रोशन करेंगे।
- मोहन प्रताप, अकादमी मैनेजर
अकादमी में खिलाड़ियों को सारी सुविधाएं मुहैया करवाई जाती हैं। अकादमी में इलेक्ट्रॉनिक टारगेट है। हर एक खिलाड़ी को अपने लक्ष्य साधने के लिए अच्छी तरह तैयार कर रहे हैं। अकादमी के खिलाड़ियों की उपलब्धियां शूटिंग के क्षेत्र में अब अन्य खिलाड़ियों का ध्यान भी खींच रही है। इस खेल का क्रेज भी अब बढ़ा है।
- सुरेश सिंह अकादमी संचालक